सामुदायिक संसाधन
क्षेत्रीय, सामुदायिक और स्थान-विशिष्ट प्रश्नावली
q.sub
इस प्रश्नावली के प्रश्न इस बात को समेटने का प्रयास करते हैं कि कोई समुदाय अपने इलाके, अपनी भाषा और अपने रोज़मर्रा के जीवन के बारे में क्या जानता है। इस प्रकार के प्रश्नोत्तर केवल AI बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्ककृतिक शोध को भी बढ़ावा देते हैं।
यहाँ केवल भागों की विषय-सूची दिखाई गई है। प्रश्नावली और हमारे द्वारा जुटाए हुए Data को AI Models के मूल्यांकन और उनसे निकली बनावटी भाषा की परख करने के उद्देश्य से गुप्त रखा गया है। यह प्रश्नावली अभी भी समुदाय के लोगों के साथ मिलकर संशोधित की जा रही है।
1 सामान्य परिचय और शुरुआती बातचीत
इस भाग में व्यक्ति का सामान्य परिचय, परिवार, काम-धंधा, दैनिक समस्यायें, मुख्य मंदिर व आस्था, शहर और गाँव के बीच अंतर, तथा आने वाली पीढ़ी के लिए संदेश व अनुभवों से जुड़े सवाल शामिल हैं।
2 पशु-पक्षी और जीव-जंतु
इस भाग में घर में पाले जाने वाले पशुओं, उनकी नस्ल व बीमारियों के इलाज, जंगली जानवरों, पक्षियों के महत्व व मौसम से उनकी सुरक्षा, तथा सभी जीव-जंतुओं के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी से जुड़े सवाल शामिल हैं।
3 खेती-बाड़ी, पेड़-पौधे, मौसम और ओरण
इस भाग में खेती के तौर-तरीकों, मौसम व बारिश के संकेतों, ओरण (पवित्र वनों) के महत्व व वनस्पति, स्थानीय व पुराने बीजों की संभाल, ज़मीन व मिट्टी की पहचान, तथा ऋतु-चक्र के अनुसार पेड़-पौधों व जीव-जंतुओं में बदलाव से जुड़े सवाल शामिल हैं।
4 खान-पान और पानी के स्रोत
इस भाग में मौसमी खानपान, लू से बचाव, पानी के पारंपरिक स्रोतों (पालर पानी, टांका, जोहड़) व उसकी गुणवत्ता, दैनिक भोजन व पशुओं का आहार, असली व नकली घी की पहचान, तथा जल-स्रोतों के प्रति ज़िम्मेदारी व अकाल में गुज़ारे से जुड़े सवाल शामिल हैं।
5 स्वास्थ्य, बीमारियाँ और पारंपरिक चिकित्सा
इस भाग में गाँव के वैद व उनकी चिकित्सा पद्धति, घर व बाज़ार से लाई जाने वाली औषधियों, बचपन की बीमारियों व उनके पारंपरिक इलाज, मौसमी स्वास्थ्य समस्याओं, और आपातकालीन स्थिति में बिना डॉक्टर के उपचार से जुड़े सवाल शामिल हैं।
6 पहनावा, पारंपरिक गहने और स्थानीय मेले
इस भाग में पारंपरिक व घर में सिले कपड़ों, पशुओं के सजावटी वस्त्रों व गहनों (जैसे गोरबंद), दादी-नानी के समय के व पीढ़ी-दर-पीढ़ी मिलने वाले आभूषणों, तथा स्थानीय व पशु मेलों के ऐतिहासिक महत्व और उनमें आए बदलावों से जुड़े सवाल शामिल हैं।
7 इलाके की पहचान, सामाजिक जीवन और आजीविका
इस भाग में इलाके के नाम व पहचान, ज़मीन व पर्यावरण में समय के साथ आए बदलावों, ज़मीन के बटवारे, आपसी विवादों के निवारण, पारंपरिक घर बनाने की तकनीक, बचपन के खेलों, तथा पीढ़ियों से चली आ रही और आज भी संभव आजीविका से जुड़े सवाल शामिल हैं।
8 लोक-गीत, कहानियाँ, बोली और पारंपरिक खेल
इस भाग में पुराने व पारंपरिक खेलों (इंसान-जानवर व नदी के खेल), त्योहारों व मौसम से जुड़े लोक-गीतों, गाँव की मशहूर कहानियों व इतिहास, तथा नानके (नानिहाल) और गाँव की बोली व भाषाई विविधता से जुड़े सवाल शामिल हैं।
9 आस्था, संस्कार, विरासत और त्योहार
इस भाग में लोक देवताओं (पीर/बाबा) व धार्मिक मान्यताओं, कृषि व मौसम से जुड़े अनुष्ठानों (हलसोतियो, बसेड़ो), जीवन के विभिन्न संस्कारों (जन्म, विवाह का कंकड़/दोरड़ा, मृत्यु व सागर हिलोरो), और गाँव के पास की बरसाती नदी व पवित्र वृक्षों/स्थलों से जुड़े सवाल शामिल हैं।
10 बुज़ुर्गों की सीख और पीढ़ी-दर-पीढ़ी ज्ञान
इस भाग में दादा-दादी व माता-पिता से मिली यादगार सीखों, ज़मीन व आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी, स्थानीय ज्ञान जो सिर्फ़ यहीं रहकर सीखा जा सकता है, और जल-जंगल-ज़मीन की देखभाल से जुड़े सवाल शामिल हैं।
11 विशेष या पवित्र स्थानों पर पूछे जाने वाले सवाल
इस भाग में किसी खास विरासत या पवित्र स्थान पर गए लोगों से उस जगह के महत्व, गाँव के साथ उसके संबंध, और वहाँ के पानी के स्वाद, वनस्पति व जानवरों की अपने गाँव से तुलना करने से जुड़े सवाल शामिल हैं।
12 डिजिटल दुनिया, तकनीक और कुदरत से तालमेल
इस भाग में एआई (AI) व रोबोट्स की समझ व उपयोगिता, डिजिटल व इंटरनेट पहुँच व खर्च, परिवार में पीढ़ी-दर-पीढ़ी डिजिटल उपयोग, सामुदायिक ज्ञान व डेटा के मालिकाना हक़, तकनीक के प्रभाव, और कुदरत व इंसानों में आपसी तालमेल मज़बूत करने से जुड़े सवाल शामिल हैं।
इस प्रश्नावली से इकट्ठा किए गए जवाब उन्हीं लोगों के हैं जिन्होंने ये दिए हैं। बिना स्पष्ट सहमति के कुछ भी समुदाय के बाहर साझा नहीं किया जाता।